महिला के साथ दरिंदगी का मामला: मजदूरी से लौटते वक्त अगवा कर जंगल में किया गैंगरेप
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) शक्करगढ़ थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मजदूरी कर लौट रही एक महिला के साथ दो युवकों ने नशीली दवा सुंघाकर अगवा करने के बाद रातभर गैंगरेप किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि 25 वर्षीय महिला मजदूरी कर शाम करीब साढ़े पांच बजे घर लौट रही थी, तभी रास्ते में बाइक सवार दो युवक मोतीलाल रैगर व कैलाश रैगर उसे मिले। दोनों ने महिला को घर छोड़ने की बात कहकर उसे अपनी बाइक पर बैठने को कहा, लेकिन महिला के इनकार करने पर जबरन उसके मुंह पर कपड़ा लगा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
इसके बाद दोनों युवक उसे बाइक पर बांकरा रोड स्थित जंगल में ले गए, जहां पूरी रात दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। सुबह लगभग 5 बजे जब महिला को होश आया, तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। किसी तरह पास के एक मकान तक पहुंची और वहां से मकान मालिक के फोन से अपने पति को सूचना दी। पति के आने पर महिला ने पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पीड़िता शक्करगढ़ थाने पहुंची और केस दर्ज करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज, आरोपित फरार
घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। थानाधिकारी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


