कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ द्वारा पापड़ा में वृक्षारोपण; अधिक से अधिक पेड़ लगाकर करें धरती का श्रृंगार— जमालपुरिया
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती पापड़ा गांव में शनिवार को कांग्रेस पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित 21 दिवसीय विशेष अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संयोजक राकेश जमालपुरिया के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश जमालपुरिया ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा, "अधिक से अधिक पेड़ लगाकर धरती का श्रृंगार करें। हर एक व्यक्ति को न केवल पौधे लगाने का, बल्कि उनमें नियमित रूप से पानी डालकर उनकी देखभाल करने का भी संकल्प लेना चाहिए।"
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेसी नेता के. के. सैनी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि धरती को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने समाज के हर वर्ग से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में बढ़-चढ़कर योगदान देने की अपील की।
पौधारोपण के इस विशेष कार्यक्रम में कांग्रेसी नेता के. के. सैनी, मुरारी लाल सैनी, दिनेश, सुरेश, भागीरथमल, नरेश, अनिल कुमार तथा महिला कार्यकर्ताओं में पायल, कोमल, गीता देवी सहित कई स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

