महुवा में इंसानियत की बड़ी मिसाल: पुलिस और 'अपना घर समिति' ने लावारिस बीमार प्रभु जी को भेजा हिंडौन आश्रम
महुवा, दौसा/ अवधेश अवस्थी
‘मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है’—इस मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए महुवा पुलिस और अपना घर सेवा समिति ने एक बार फिर इंसानियत का अनूठा उदाहरण पेश किया है। कस्बे में लावारिस और गंभीर रूप से बीमार हालत में घूम रहे एक असहाय 'प्रभु जी' को महुवा पुलिस के सहयोग से सुरक्षित रेस्क्यू कर एंबुलेंस के जरिए 'अपना घर आश्रम, हिंडौन' भिजवाया गया है, जहां अब उनका समुचित उपचार और देखभाल की जाएगी।
क्या था पूरा मामला?
अपना घर सेवा समिति महुवा के मीडिया प्रभारी अवधेश अवस्थी ने बताया कि महुवा थाने के ड्यूटी अधिकारी राजेश कुमार चौधरी को सूचना मिली थी कि कस्बे में एक व्यक्ति लावारिस एवं दयनीय स्थिति में भटक रहा है। सूचना मिलते ही महुवा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अस्वस्थ हालत में मिले उन प्रभु जी को सुरक्षित थाना परिसर लेकर आई। इसके बाद समिति के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
प्राथमिक पूछताछ में प्रभु जी मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण अपना नाम-पता या परिजनों के बारे में कोई भी जानकारी साझा करने में असमर्थ रहे।
थानाधिकारी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए थानाधिकारी महेंद्र यादव के निर्देश पर तुरंत प्रशासनिक और मानवीय औपचारिकताएं पूरी की गईं। अपना घर सेवा समिति महुवा की टीम ने तुरंत 'अपना घर आश्रम, हिंडौन' से संपर्क किया और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर प्रभु जी को एंबुलेंस के माध्यम से हिंडौन आश्रम के लिए रवाना किया।
मौजूद रहे ये गणमान्य लोग
इस मानवीय और सराहनीय कार्य के दौरान अपना घर सेवा समिति के अध्यक्ष नेमीचंद खेड़ली वाले, क्षेत्रीय अध्यक्ष हरि सिंह मीणा, थानाधिकारी महेंद्र यादव, ड्यूटी अधिकारी राजेश कुमार, मीडिया प्रभारी अवधेश अवस्थी, नरेंद्र जैन सहित समिति के तमाम पदाधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
महुवा पुलिस और अपना घर सेवा समिति के इस संवेदनशील और प्रेरणादायक कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

