महुवा में रफ़्तार का कहर: बेकाबू कार ने ई-रिक्शा को मारी जोरदार टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत से पसरा मातम
महुवा (दौसा) अवधेश अवस्थी
महुवा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है! महुवा में खंडेलवाल होटल के पास शनिवार शाम एक अनियंत्रित और तेज गति कार ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
खेड़ली से घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक के चाचा पिंटू प्रजापत (निवासी मोटूका रोड, महुवा) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका भतीजा राजकुमार (पुत्र रामसिंह प्रजापत) शनिवार शाम करीब अपने ई-रिक्शा से खेड़ली से महुवा की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह महुवा स्थित खंडेलवाल होटल के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही एक कार के चालक ने गफलत और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और राजकुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से उसे तुरंत महुवा स्थित राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
حادثे की सूचना मिलते ही महुवा थाना पुलिस मौके और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां रविवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कार चालक के खिलाफ तेज गति व लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

