ऑनलाइन खरीदारी के बजाय स्थानीय दुकानदारों को प्राथमिकता देने की अपील; शहर की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
खैरथल ( हीरालाल भूरानी)
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही खैरथल शहर में उत्सव की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस अवसर पर सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली की खरीदारी के लिए बाहरी या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के बजाय स्थानीय बाजारों व दुकानदारों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने से न केवल पारंपरिक और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद प्राप्त होते हैं, बल्कि शहर के छोटे व्यापारियों और कारीगरों को भी सीधा आर्थिक संबल मिलता है।
स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने पर जोर
सभापति ने कहा कि त्योहारी सीजन में यदि नागरिक स्थानीय बाजारों से सामान खरीदें, तो इससे शहर में रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे और व्यापारिक गतिविधियों को तीव्र गति मिलेगी। मिठाई, दीप, सजावटी सामग्री, वस्त्र और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए स्थानीय दुकानदारों पर भरोसा करना शहर की आर्थिकी को मजबूत करने में बेहद सहायक साबित होगा।
प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित
उन्होंने आगे कहा कि आगामी त्योहार के मद्देनजर प्रशासन द्वारा बाजारों में साफ-सफाई, सुरक्षा और आवागमन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभापति ने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को अपनाकर 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को सार्थक बनाएं तथा मिलजुलकर दीपावली का यह पर्व उल्लास और आपसी सहयोग के साथ मनाएं।

