जिला कलेक्टर ने कामां उप जिला चिकित्सालय का किया ओचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था में सुधार के दिए निर्देश
डीग (नीरज जैन) । जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने मंगलवार को डीग जिले के कस्बा कामा में राजकीय उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं और मानव संसाधन की उपलब्धता का व्यापक मूल्यांकन किया।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी विंग सहित विभिन्न इकाइयों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने रेडियोलॉजी विभाग में एक्सरे और ईसीजी कक्ष का निरीक्षण कर उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की जाँच की। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों को जांच रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध करवाई जाए, ताकि उनके उपचार में विलंब न हो।
जिला कलेक्टर कौशल ने निःशुल्क दवा वितरण केंद्र और ड्रग वेयरहाउस का निरीक्षण करते हुए स्टॉक रजिस्टर और दवाओं की उपलब्धता का मिलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना' का लाभ प्रत्येक पात्र मरीज को मिलना चाहिए और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता चौबीसों घंटे सुनिश्चित रहनी चाहिए।
उन्होंने कंप्यूटर कक्ष में टीबी मुक्त अभियान और अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के डेटा संधारण की स्थिति देखी और ऑपरेटरों को रियल-टाइम एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत जिला कलेक्टर कौशल ने चिकित्सालय प्रभारी और उपस्थित चिकित्सकों को बताया कि चिकित्सा सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक मानवीय दायित्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की उपस्थिति निर्धारित रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए।
जिला कलेक्टर कौशल ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवाद में मृदुता और संवेदनशीलता का परिचय दिया जाए, जिससे चिकित्सालय के प्रति जन विश्वास सुदृढ़ हो सके।
अस्पताल परिसर, वार्डों और गलियारों के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने स्वच्छता मानकों का भी आकलन किया। बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण और सामान्य साफ-सफाई को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए । उन्होंने संबंधित सफाई संवेदक को निर्देशित किया कि वह आगामी 7 दिवस के भीतर सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में अपेक्षित सुधार नहीं होता है, तो नियमानुसार अनुबंध निरस्त करने की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।


