डीग में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव में जिले के 204 युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र और किट
डीग (नीरज जैन) युवाओं को रोजगारोन्मुखी नीतियों से जोड़ने एवं नव-चयनित अभ्यर्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को डीग में मास्टर आदित्येन्द्र जी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें 204 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
कार्यक्रम के दौरान अजमेर में आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों एवं नवनियुक्त कार्मिकों ने इस प्रसारण के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और अतिथियों के विचार सुने।
इस रोजगार उत्सव के अंतर्गत डीग जिले के कुल 204 नव-चयनित अभ्यर्थियों को जिला कलेक्टर और अन्य अतिथियों द्वारा विधिवत रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही, उन्हें विभागीय किट का वितरण भी किया गया। नियुक्ति पत्र और किट प्राप्त कर राजकीय सेवा में कदम रखने वाले इन युवाओं के चेहरों पर भविष्य के प्रति सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला कलक्टर उत्सव कौशल एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां , लखपत गुर्जर ,भावना गांधी आदि मोजूद रहे।