8मार्च को फिर महिलाओं की बल्ले बल्ले, राजस्थान सरकार ने लिया फ्री बस यात्रा का बड़ा फैसला
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजस्थान सरकार ने महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष सुविधा की घोषणा की है। 8 मार्च को राजस्थान में महिलाएं राजस्थान रोडवेज की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, महिला दिवस के दिन राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में महिलाओं और बालिकाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। अनुमान है कि इस योजना का लाभ लगभग 8.50 लाख महिलाएं और बालिकाएं उठा सकती हैं। यह सुविधा केवल राज्य की सीमा के भीतर यात्रा करने पर ही लागू रहेगी।
रोडवेज की इन बसों में मिलेगी मुफ्त यात्रा
जारी निर्देशों के मुताबिक, यह सुविधा राजस्थान रोडवेज की सभी श्रेणी की साधारण बसों में लागू रहेगी। यानी प्रदेश के भीतर संचालित सामान्य श्रेणी की बसों में महिलाएं और बालिकाएं बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी।
महिला दिवस के अवसर पर यह पहल महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एसी और वोल्वो बसों में नहीं मिलेगी सुविधा
राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने बताया कि यह व्यवस्था वातानुकूलित और वोल्वो बसों में लागू नहीं होगी। इसके अलावा अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों के तहत संचालित बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी।
महिलाओं के सम्मान का प्रतीक
हर वर्ष 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के अधिकारों, उनके योगदान और समाज में उनकी भूमिका को सम्मान देने के लिए समर्पित होता है। राजस्थान सरकार की ओर से दी गई यह सुविधा भी महिलाओं के सम्मान और उनके प्रति आभार व्यक्त करने का एक प्रयास माना जा रहा है। महिलाओं को विशेष सम्मान दिया जाता है। महिला दिवस के अवसर पर दी गई यह विशेष सुविधा राज्य की हजारों महिलाओं के लिए राहत और सम्मान दोनों का संदेश लेकर आई है।