अंबेडकर जयंती पर सेवा का महासंगम, मांडल में रक्तदान का बना नया इतिहास
भीलवाड़ा, (बृजेश शर्मा) भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मांडल की धरती पर सेवा और समर्पण का अभूतपूर्व उदाहरण देखने को मिला। विजन इंडिया वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित रक्तदान जागरूकता पखवाड़े के समापन पर सत्य पैलेस में आयोजित विशाल शिविर में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां एक ही दिन में 1003 यूनिट रक्तदान हुआ। वहीं पिछले 15 दिनों से चल रहे इस अभियान में कुल 3233 यूनिट रक्त संग्रह कर संस्था ने भीलवाड़ा जिले के इतिहास में पहली बार नया कीर्तिमान स्थापित किया।
शिविर में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने रक्तदान कर यह संदेश दिया कि नारी शक्ति मानवता की सेवा में अग्रणी भूमिका निभा रही है। समाज के हर वर्ग ने बाबा साहेब के आदर्शों से प्रेरित होकर इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामलाल जाट ने कहा कि 3233 यूनिट रक्त संग्रह करना किसी चमत्कार से कम नहीं है और यह उपलब्धि भीलवाड़ा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगी। उन्होंने कहा कि यह संस्था की मेहनत और आमजन के विश्वास का परिणाम है, जिसने समाज को जोड़ने का कार्य किया है। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री नसीम अख्तर, पूर्व विधायक प्रदीप कुमार सिंह, राजेंद्र त्रिवेदी, विभा माथुर और प्रद्युमन सिंह ने भी संस्था के इस कार्य की सराहना की।
सोसायटी के सचिव शंकर लाल गाडरी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार 15 दिनों तक चलाए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि मांडल में यह ऐतिहासिक रक्त संग्रह संभव हो सका। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जिले के रक्त बैंकों में रक्त की कमी को दूर करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी अध्यक्ष ओम नरानीवाल ने की।
इस दौरान सोसायटी की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस महाभियान की सफलता पर सोसायटी के सभी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सा दल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


