बीडीए आयुक्त ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण; आयुक्त बोले- समय निर्धारित कर गुणवत्ता से कराए विकास कार्य
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया ने मंगलवार को प्राधिकरण के निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शीशम तिराहे से हीरादास तथा चामड़ मंदिर से सरसों अनुसंधान केन्द्र तक निर्माणाधीन मॉडल रोड का जायजा लिया। साथ ही आरबीएम अस्पताल से रेड क्रॉस सर्किल होते हुए चांदपोल तक प्रस्तावित छह लेन सड़क, रेड क्रॉस सर्किल से गोवर्धन गेट तक सड़क कार्य का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने जसवन्त प्रदर्शनी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, अनाह गेट स्थित ड्रेन, मण्डी परिसर में ड्रेन निर्माण कार्य का निरीक्षण कर वर्षा पूर्व निर्धारित समय तक गुणवत्ता से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा मंदिर परिसर में फसाड कार्य, शिखर एवं गेट निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं डिजाइन के अनुसार कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता योगेश माथुर, अधिशासी अभियंता जगदीश शर्मा, बहादुर सिंह, डी.पी. शर्मा तथा कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार सिंह एवं लवकुश यादव उपस्थित रहे।


