गुरु पूर्णिमा मेला की पूर्व तैयारियों को लेकर डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने ली समीक्षा बैठक; अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
डीग (नीरज जैन) आगामी गुरु पूर्णिमा मेला के सुव्यवस्थित, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार को डीग कलेक्ट्रेट में जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें गुरु पूर्णिमा मेले के दौरान कानून व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवश्यक मूलभूत जनसुविधाओं के सुचारू प्रबंधन को लेकर विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए ताकि संपूर्ण मेला उच्च मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
जिला कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी डीग को गुरु पूर्णिमा मेले की सुरक्षा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत मेला क्षेत्र में स्थित विभिन्न धार्मिक कुंडों पर सुदृढ़ बैरिकेडिंग करवाने, आरसीडी संबंधी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, किसी भी आपात स्थिति से त्वरित निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीमों को तैनात करने तथा नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत कुशल गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था समय से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, श्रद्धालुओं के वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए अस्थाई पार्किंग स्थलों के सुचारू निर्माण और संपूर्ण मेला अवधि के दौरान निगरानी रखने के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जिसका दायित्व तहसीलदार डीग को सौंपते हुए उन्हें नियंत्रण कक्ष का अधिकृत प्रभारी नियुक्त करने की बात की गई।
बैठक में मेले में पधारने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नागरिक सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।
जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को संपूर्ण मेला क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने, समुचित प्रकाश का प्रबंध करने, आवारा पशुओं को पकड़ने तथा संभावित मानसूनी वर्षा के दृष्टिगत उत्पन्न होने वाली जल-भराव की समस्या से त्वरित राहत दिलाने के लिए पर्याप्त संख्या में पंपों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, मेला मार्ग पर निरंतर कचरा संग्रहण, श्रद्धालुओं के सुगम मार्गदर्शन हेतु स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने, शुद्ध पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के लिए टैंकरों की व्यवस्था करने तथा क्षेत्र की जनोपयोगी पानी की टंकियों की विधिवत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को भी संपूर्ण मेला क्षेत्र में आवश्यक दवाई, एम्बुलेंस और औषधियों की उपलब्धता के साथ मुस्तैद रहने हेतु निर्देशित किया गया।


