डीग - कुम्हेर विधान सभा में सर्वांगीण विकास ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता, हर गांव तक पहुंचेगी मजबूत सड़क और मूलभूत सुविधाएं - शैलेश सिंह
डीग (नीरज जैन) डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास को नई गति प्रदान करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने बुधवार को कुम्हेर क्षेत्र में लगभग 353 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न नवीन सड़क मार्गों का लोकार्पण कर उन्हें आमजन को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनका संकल्प है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा मिसिंग लिंक एवं नॉन-पैचेबल योजना के अंतर्गत निर्मित इन सड़कों में महरावर से अस्तावन, महरावर से भटपुरा, संपर्क सड़क से साबोरा-कुरवारा, नदबई-कुम्हेर मुख्य सड़क से हिंगोली तथा खेड़ा कारौली से धनवाड़ा तक के मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की वर्षों पुरानी आवागमन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा तथा स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों और सामाजिक संपर्क को मजबूती मिलेगी।
लोकार्पण समारोहों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में भी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनका लाभ शीघ्र ही क्षेत्रवासियों को मिलेगा।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगदीश अजान, प्रधान देवी सिंह, पूर्व प्रधान मनोज, राजवेन्द्र धम्मों, सुरेन्द्र महरावर, सरपंच मोहन गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन डीग 2= महरावर से आस्तावन सड़क का लोकार्पण करते विधायक डॉ शैलेश सिंह


