तखतगढ़ में करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोरनी की दर्दनाक मौत, नगर पालिका ने ससम्मान किया अंतिम संस्कार
तखतगढ़ (बरकत खान) स्थानीय क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बेहद दुखद हादसे में देश के राष्ट्रीय पक्षी मोरनी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय वन्यजीव प्रेमियों और ग्रामीणों में गहरा शोक और बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह उड़ते समय एक मोरनी अचानक वहां से गुजर रही 33 केवी की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। जोरदार करंट लगने के कारण मोरनी सीधे जमीन पर आ गिरी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ढीले और खुले तारों के कारण आए दिन मूक पक्षियों और पशुओं की जान जोखिम में बनी रहती है।
घटना की सूचना मिलते ही तखतगढ़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) मगराज चौधरी ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके त्वरित निर्देशों पर पालिका के सफाई कर्मचारी विक्रम कुमार वाल्मीकि तुरंत मौके पर पहुंचे। मृत मोरनी के शव को रामण चौक के समीप पूरे विधि-विधान, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार (दफनाने की प्रक्रिया) किया।
स्थानीय पर्यावरणविदों और प्रबुद्ध नागरिकों ने नगर पालिका की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की सराहना की है, साथ ही बिजली विभाग से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में तारों को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में हमारे राष्ट्रीय पक्षी और अन्य वन्यजीवों को असमय काल का ग्रास बनने से बचाया जा सके।


