सुमेरपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: ढाई दर्जन चोरियों को अंजाम देने वाला शातिर नकबजन और उसका साथी गिरफ्तार, माल बरामद
सुमेरपुर में नकबजनी की वारदातों का पर्दाफाश: शातिर चोर किशनलाल और उसका साथी गिरफ्तार, तीन दर्जन चोरियों का हुआ खुलासा
सुमेरपुर (पाली) बरकत खा
सुमेरपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरियों और नकबजनी की वारदातों पर बड़ा प्रहार करते हुए एक शातिर नकबजन और उसके साथी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुआ माल (मशरूका) और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पूछताछ में बदमाशों ने पाली, सिरोही, उदयपुर और गुजरात समेत कई अन्य जिलों में करीब ढाई दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
पुलिस अधिकारियों का निर्देशन और विशेष टीम का गठन:
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन (आई.पी.एस.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (बाली) किशोर सिंह और पुलिस वृत्ताधिकारी (सुमेरपुर) भवानी सिंह के निकटतम सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी सवाई सिंह (निरीक्षक पुलिस) के नेतृत्व में अज्ञात मुलजिमानों की सुरागसी और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
घटना का संदर्भ और तकनीकी अनुसंधान:
दिनांक 24 अगस्त 2026 को प्रार्थी शेर सिंह (निवासी हिगोला, हाल शांति नगर, सुमेरपुर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर की अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली है। इस पर पुलिस ने धारा 331(4), 305(2)(ए) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गठित विशेष टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहयोग व आसूचना संकलन की मदद से मुख्य आरोपी किशनलाल और उसके साथी सुरेश उर्फ सुसा को धर दबोचा।
बरामदगी और कबूलनामा:
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रात के समय घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने पाली, सिरोही, उदयपुर, राजसमंद और पड़ोसी राज्य गुजरात के विभिन्न स्थानों पर करीब तीन दर्जन चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों को स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान और मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

