तेज अंधड़ से डोडीयाल बिजली घर को भारी नुकसान, कई गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित
बावड़ी (जोधपुर/निसार गौरी) तेज अंधड़, बारिश और खराब मौसम ने क्षेत्र के आस-पास के गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया है। डोडीयाल गांव के बिजली घर में तूफानी हवाओं के कारण कई बिजली के पोल टूटकर धराशायी हो गए, जिससे विद्युत लाइनें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान बिजली घर में लगे कई अन्य कीमती उपकरण भी टूट गए और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा है।
विद्युत आपूर्ति ठप, मरम्मत कार्य जारी बिजली व्यवस्था को हुए इस भारी नुकसान के कारण पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। घटना के बाद से ही विद्युत विभाग के कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों और उपकरणों की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के कार्य में युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस अंधड़ से बिजली विभाग को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
कस्बों में उड़े टीन शेड, हाईवे पर गिरे होर्डिंग्स वहीं, सोयला कस्बे के बाजार तथा आसपास के आवासीय क्षेत्रों में भी तेज हवाओं का जोरदार असर देखने को मिला। इस दौरान कई स्थानों पर दुकानों और मकानों के टीन शेड उड़ गए, और अनेक हरे-भरे पेड़-पौधे उखड़ गए। राजमार्ग के किनारे लगे कई बड़े होर्डिंग्स भी तेज हवाओं के कारण टूटकर सड़कों पर गिर गए, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
इन गांवों में हुआ व्यापक नुकसान, राहत की बात- कोई जनहानि नहीं बावड़ी उपखण्ड क्षेत्र के खुडाला, मोरनावड़ा, ढढोरा, आसंडा, लुणावास, छींडिया, मगेरिया, गजसिंहपुरा, धनारी, कजनऊ सहित कई गांवों में रात के समय हुई बारिश और तेज अंधड़ से व्यापक नुकसान की खबरें हैं। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


