नांदड़ा कलां में लगा वित्तीय साक्षरता व स्वच्छता शिविर: ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचने के दिए गए टिप्स
मंडोर ब्लॉक का आयोजन: आरबीआई के निर्देशों पर हुआ शिविर; बैंक डिटेल व ओटीपी किसी से साझा न करने की दी गई हिदायत
बावड़ी (जोधपुर) | मिश्रीलाल लखारा
मंडोर ब्लॉक के नांदड़ा कलां गांव में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों के तहत एक विशेष वित्तीय साक्षरता, साइबर फ्रॉड जागरूकता एवं स्वच्छता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और बैंकिंग सुरक्षा व साफ-सफाई के गुर सीखे।
सतर्क रहें, साइबर ठगों के झांसे में न आएं: गंगाराम बिश्नोई
शिविर के दौरान वित्तीय साक्षरता केंद्र (मंडोर) के प्रबंधक गंगाराम बिश्नोई ने ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के दौर में पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि—
-
कभी भी किसी के साथ अपना बैंक खाता नंबर, ओटीपी (OTP), एटीएम पिन या यूपीआई (UPI) पासवर्ड साझा न करें।
-
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और फर्जी कॉल से सावधान रहें।
फ्रॉड होने पर तुरंत करें शिकायत:
प्रबंधक बिश्नोई ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।
गांव को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प
वित्तीय सुरक्षा के साथ-साथ शिविर में स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए घर और उसके आसपास साफ-सफाई रखने की हिदायत दी गई। साथ ही, बारिश या अन्य कारणों से घरों के आसपास जलभराव न होने देने की अपील की गई। इस दौरान सभी ग्रामीणों ने मिलकर गांव को पूरी तरह स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

