फॉलोअप शहरी सेवा शिविर में मौके पर ही राहत: पट्टे, नामांतरण और प्रमाण पत्र जारी, पीएम स्वनिधि में ऋण स्वीकृत
विभिन्न विभागीय प्रकरणों का त्वरित निस्तारण; साफ-सफाई, पेचवर्क और आवारा पशुओं की धरपकड़ पर भी रहेगा पालिका का जोर
तखतगढ़ (पाली)।
स्थानीय नगर पालिका सभागार में मंगलवार को आयोजित 'फॉलोअप शहरी सेवा शिविर-2026' में नगरवासियों को त्वरित प्रशासनिक राहत मिली। शिविर के दौरान विभिन्न विभागीय प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आवेदकों को दस्तावेज व स्वीकृतियां सौंपी गईं।
शिविर में जनहित से जुड़े कई मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें 69-ए के तहत 1 पट्टा, 3 नामांतरण, 1 विवाह पंजीयन, 7 जन्म प्रमाण पत्र तथा 1 मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया। हालांकि, कृषि भूमि पट्टा और भवन निर्माण स्वीकृति से संबंधित कोई प्रकरण इस दिन निस्तारित नहीं हो सका।
पीएम स्वनिधि योजना से खिल उठे जमना देवी के चेहरे
शिविर के पहले ही दिन पीएम स्वनिधि योजना के तहत आवेदिका जमना देवी के 15 हजार रुपये के प्रथम किस्त ऋण आवेदन को हाथोहाथ स्वीकृति प्रदान की गई। त्वरित ऋण स्वीकृत होने पर जमना देवी ने राज्य सरकार और नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया।
अभियान के तहत जारी रहेंगे शहर के विकास व सुविधा कार्य
नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत पट्टा, उपविभाजन, पुनर्गठन, भू-उपयोग परिवर्तन, लीज फ्रीहोल्ड, स्टेट ग्रांट पट्टे, ट्रेड व साइनेज लाइसेंस, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, फायर व मोबाइल टावर एनओसी जैसे कार्यों का लगातार निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही:
-
शहर की व्यापक साफ-सफाई और नालियों-मैनहोल की मरम्मत,
-
सीसी व डामर सड़कों का पेचवर्क और स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती,
-
आवारा पशुओं की धरपकड़ तथा महिला व जन-सुरक्षा के प्रबंध भी अभियान के प्रमुख घटकों में शामिल हैं।
शिविर के दौरान नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी पूरी तत्परता के साथ मौजूद रहकर आमजन की समस्याओं के समाधान में जुटे रहे।


