सुमेरपुर में सनसनीखेज लूट: सेल्समैन की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 9.50 लाख रुपए की नकदी लूटी; बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल व चाबी भी ले उड़े

Nov 22, 2026 - 19:03
 0
सुमेरपुर में सनसनीखेज लूट: सेल्समैन की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 9.50 लाख रुपए की नकदी लूटी; बाइक सवार दो बदमाश मोबाइल व चाबी भी ले उड़े

सुमेरपुर / बरकत खां

पाली जिले के सुमेरपुर सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवगंज से पालड़ी जोड़ जाने वाले रास्ते पर एक सेल्समैन से 9.50 लाख रुपए से अधिक की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने सेल्समैन की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंककर नकदी, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पान मसाला एजेंसी का भुगतान लेकर लौट रहा था सेल्समैन शिवगंज निवासी योगेंद्र गोयल ने 20 नवंबर को सुमेरपुर सदर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी के नाम से शिवगंज में 'राजा ब्रदर्स' नामक फर्म संचालित है, जिसके पास पान मसाला की एजेंसी है। इस फर्म में पालड़ी जोड़ निवासी शेर मोहम्मद (38) सेल्समैन के रूप में कार्यरत है, जो आसपास के क्षेत्रों में माल सप्लाई कर दुकानदारों से भुगतान एकत्र करता है।

फोन बंद मिलने पर हुई अनहोनी की आशंका रिपोर्ट के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब 8:14 बजे योगेंद्र गोयल की शेर मोहम्मद से फोन पर अंतिम बार बात हुई थी। इसके बाद जब वह हिसाब जमा कराने नहीं पहुंचा, तो रात करीब 9:45 बजे उसे कई बार कॉल किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। अनहोनी की आशंका पर योगेंद्र ने शेर मोहम्मद की पत्नी हसीना बानो से व्हाट्सएप कॉल पर संपर्क किया, जिस पर पत्नी ने बताया कि वह करीब आधा घंटा पहले ही हिसाब देने के लिए घर से निकल चुका है।

एनएच पुलिया के पास आंखों में झोंका मिर्च पाउडर इसी बीच रात करीब 10:08 बजे एक अज्ञात नंबर से योगेंद्र गोयल को कॉल आया, जिसमें कॉलर ने बताया कि वह शेर मोहम्मद को रास्ते से लेकर आया है और दुकान के बाहर छोड़ दिया है। इसके बाद शेर मोहम्मद ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जब वह नकदी लेकर मालिक के घर जा रहा था, तभी शिवगंज-पालड़ी जोड़ मार्ग पर एनएच पुलिया के पास बाइक सवार दो बदमाश आए और उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया।

बदमाश उसके पास रखे 9.50 लाख रुपए से ज्यादा की नकदी, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, लूटी गई नकदी की वास्तविक राशि का पता फर्म का पूरा हिसाब मिलान करने के बाद चलेगा। फिलहाल सदर थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................