चौरी-चौरा के समग्र विकास का संकल्प: अजय कुमार सिंह 'टप्पू भैया' ने पंचदेउरी चौपाल में कहा— जाति-धर्म से ऊपर उठकर चुनना होगा सही नेतृत्व
चौरी-चौरा (शशि जायसवाल)। ब्रह्मपुर ब्लॉक की ग्राम सभा पंचदेउरी में एक विशाल चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अजय कुमार सिंह उर्फ "टप्पू भैया" ने क्षेत्र के विकास, युवाओं के रोजगार और स्थानीय नेतृत्व जैसे अति-महत्वपूर्ण मुद्दों पर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। चौपाल का कुशल संचालन पंडित राजकुमार व्यास ने किया।
चौपाल को संबोधित करते हुए टप्पू भैया ने कहा कि चौरी-चौरा उनकी जन्मभूमि है और वे केवल जनसेवा के ध्येय से राजनीति में आए हैं। उन्होंने अपने बड़े भाई स्वर्गीय विनय कुमार सिंह "बिन्नू जी" के अधूरे सपनों और अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के अपने निर्णय की जानकारी दी।
विकास की मुख्यधारा से पीछे छूटा क्षेत्र
उन्होंने बीते 2022 के विधानसभा चुनाव पर चर्चा करते हुए कहा कि जाति, धर्म और पार्टी आधारित मतदान के चलते क्षेत्र को अपेक्षित नेतृत्व नहीं मिल सका, जिससे चौरी-चौरा विकास के मामले में पिछड़ गया। उन्होंने मां तरकुलहा देवी धाम का जिक्र करते हुए कहा कि यह धाम न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार भी है।
रोजगार, खेल और शिक्षा पर जोर
टप्पू भैया ने दलीय राजनीति से ऊपर उठकर काम करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र में नए उद्योग-धंधों की स्थापना, युवाओं को रोजगार, आधुनिक विद्यालय, खेल के मैदान और समृद्ध पुस्तकालयों के निर्माण को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे किसी के बहकावे में न आकर ऐसे स्थानीय नेतृत्व को चुनें जो क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को समझकर विकास को प्राथमिकता दे।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान संतोष शर्मा, अर्जुन कुमार, हुकुमचंद शर्मा, अमन कुमार, रजनीश प्रजापति, अजय कुमार शर्मा, नंदलाल प्रजापति, जयप्रकाश प्रजापति, अमरजीत प्रजापति, शेषनाथ शर्मा, गौरीशंकर, शैलेंद्र प्रजापति, दुल्हन प्रजापति, राजू प्रजापति, अनिल कुमार दुबे, वीरेंद्र प्रजापति, प्रिंस कुमार, शिवम प्रजापति, आयुष शर्मा, गामा पहलवान, ऋतुराज कुमार, सत्यम कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे।

