आगामी त्योहारों, सड़क सुरक्षा और साइबर-सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दिए निर्देश; यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प

Jul 24, 2026 - 20:16
 0
आगामी त्योहारों, सड़क सुरक्षा और साइबर-सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दिए निर्देश; यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प

मकराना (मोहम्मद शहजाद)। मकराना पुलिस थाना परिसर में शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (डीडवाना-कुचामन) भूपेंद्र शर्मा की अध्यक्षता एवं नवनियुक्त थाना अधिकारी/पुलिस निरीक्षक पंकज चौधरी की उपस्थिति में कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप (CLG) की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त थाना प्रभारी का सदस्यों से परिचय कराना तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर मंथन करना था।

समारोह में सीएलजी सदस्यों से परिचय के बाद सीआई पंकज चौधरी ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी से कानून-व्यवस्था व यातायात को सुचारू बनाने हेतु सुझाव मांगे।

एएसपी ने ली सदस्यों की चुटकी, दिलाया हेलमेट पहनने का संकल्प

सड़क सुरक्षा पर बात करते हुए एएसपी भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि समाज को जागरूक करने से पहले सुधार की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जब उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में सदस्यों से पूछा कि कितने लोग हेलमेट पहनकर आए हैं, तो अधिकांश का जवाब 'ना' में था। इस पर एएसपी ने सभी को खुद यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने और दूसरों को प्रेरित करने की सलाह दी, जिस पर सभी सदस्यों ने संकल्प लिया।

अवैध पार्किंग और बेतरतीब वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में सदस्यों ने रेलवे स्टेशन, सदर बाजार, टंकी मार्ग और लग्नशाह रोड पर बेतरतीब खड़े वाहनों और आवारा पशुओं से लगने वाले जाम की समस्या उठाई। इस पर एएसपी शर्मा ने थाना अधिकारी को गलत पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से चालान काटने के निर्देश दिए।

'1933' हेल्पलाइन और 'राजकॉप सिटीजन एप' का उपयोग करने का संदेश

एएसपी ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना नागरिक 1933 हेल्पलाइन नंबर पर दे सकते हैं, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके साथ ही आपात स्थिति में तुरंत पुलिस मदद प्राप्त करने के लिए आमजन से 'राजकॉप सिटीजन' (RajCop Citizen) मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की अपील की गई।

इस अवसर पर सीएलजी सदस्य घनश्याम सोनी, मोहन राम बुलडक, श्याम सुंदर स्वामी, ठाकुर मोहन सिंह चौहान, दिलीप सिंह चौहान, एडवोकेट शुभम माहेश्वरी, सरफराज खत्री, रफीक अहमद गौड़, हाजी जुबेर गेसावत सहित कई गणमान्य नागरिक, पत्रकार और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................