जहाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बजरी की आड़ में कार से तस्करी हो रहा 351 किलो डोडा पोस्त जब्त, कीमत ₹70.68 लाख

Jul 24, 2026 - 20:15
 0
जहाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बजरी की आड़ में कार से तस्करी हो रहा 351 किलो डोडा पोस्त जब्त, कीमत ₹70.68 लाख

एसपी सागर राणा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नेशनल हाईवे 148D पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब)। जहाजपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने बजरी की आड़ में ले जाए जा रहे 351.220 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त से भरी एक लग्जरी कार को जब्त किया है। हालांकि, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 70.68 लाख रुपये आंकी गई है।

नाकाबंदी तोड़कर भागा तस्कर

वृत्ताधिकारी (CO) रेवडमल मौर्य ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 जुलाई की रात नेशनल हाईवे 148D पर भूतेश्वर महादेव मंदिर के पास पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध किआ कैरेंस कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय नाकाबंदी तोड़ते हुए तेज रफ्तार में कार भगा दी।

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर की जा रही थी तस्करी

पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए गाड़ी का पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर नेशनल हाईवे पर ही कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए झाड़ियों की तरफ फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से 351.220 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। तफ्तीश में यह भी सामने आया कि पुलिस को गुमराह करने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।

मामला दर्ज, फरार तस्कर की तलाश जारी

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ (बाजार कीमत लगभग ₹52.68 लाख) और लग्जरी कार (कीमत लगभग ₹18 लाख) को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी दयाराम चौधरी, एएसआई राजेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल मानसिंह, कांस्टेबल संदीप, विजय कुमार, बाबूलाल एवं गिरधारी लाल की सराहनीय भूमिका रही।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................