घर में घुसकर तोड़फोड़, गर्भवती से मारपीट: गोरखपुर के झरना टोला में जमीन विवाद में दबंगई; वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR
बिजली का कनेक्शन काटा, सामान सड़क पर फेंका; एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई एम्स थाना पुलिस
गोरखपुर (शशि जायसवाल)। एम्स थाना क्षेत्र के झरना टोला में जमीन विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमले, घर में तोड़फोड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता मंजू देवी (पत्नी राकेश निषाद) की तहरीर पर पुलिस ने पार्षद प्रतिनिधि सहित 11 नामजद और 20 से 30 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
घर में घुसकर तोड़फोड़ और गर्भवती बहू से मारपीट का आरोप
पीड़िता मंजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गुरुवार सुबह पार्षद प्रतिनिधि रामनाथ निषाद अपने दर्जनों समर्थकों के साथ उनके पैतृक मकान पर पहुंचे। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की और सारा सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। आरोप है कि दबंगों ने घर का बिजली कनेक्शन भी काट दिया। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने पीड़िता की गर्भवती बहू पुष्पा देवी के साथ भी बेरहमी से मारपीट की।
इन 11 लोगों पर दर्ज हुई नामजद एफआईआर
पुलिस ने मामले में रामनाथ निषाद, राकेश यादव, पिंटू यादव, बबलू राय, मुत्रा सिंह, उज्जवल निषाद, योगेश, टाइगर निषाद, भोलू निषाद, जीतू निषाद और अतुल निषाद को नामजद किया है। इसके अलावा 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उन्हें जान से मारने की धमकियां दे चुके थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कोई सख्त कदम नहीं उठाया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, एसएसपी के हस्तक्षेप पर एक्शन
घटना का वीभत्स वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। इसके बाद एक जनप्रतिनिधि ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पूरे मामले से अवगत कराया, जिसके बाद एम्स थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
एम्स थानाध्यक्ष महेंद्र पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो और पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

