सोयला मार्केट में कृषि अधिकारियों का औचक निरीक्षण: POS मशीन और स्टॉक रजिस्टर की हुई गहन जांच, दिशा-निर्देश जारी
सोयला में कृषि अधिकारियों ने किया कृषि आदान विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बावड़ी (जोधपुर)। (मिश्रीलाल लखारा)
कस्बे के समीपवर्ती सोयला मार्केट में कृषि अधिकारियों की टीम ने कृषि आदान (खाद-बीज) विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों के भौतिक स्टॉक, बिक्री पंजिकाओं और POS मशीनों का बारीकी से जायजा लिया तथा विक्रेताओं के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
स्टॉक रजिस्टर और POS मशीन के मिलान के निर्देश
जयपुर से आए संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. महेशचंद्र चेजारा तथा जोधपुर जिला-परिक्षेत्र के संयुक्त निदेशक (कृषि विस्तार) डॉ. जीवनराम भाखर ने सोयला मार्केट की विभिन्न कृषि आदान दुकानों की जांच की। डॉ. चेजारा ने मौके पर मौजूद खाद के भौतिक स्टॉक का स्टॉक रजिस्टर और POS मशीन के आंकड़ों से मिलान किया।
उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि:
-
उर्वरकों एवं खाद की बिक्री केवल POS मशीन के माध्यम से ही की जाए।
-
सभी दुकानों पर स्पष्ट रूप से मूल्य सूची (रेट बोर्ड) प्रदर्शित की जाए।
-
विभागीय सिफारिशों के अनुसार उर्वरकों के सही उपयोग का निर्धारित सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाया जाए।
नैनो डीएपी और एसएसपी के उपयोग की दी सलाह
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. जीवनराम भाखर ने आगामी रबी सीजन की बुवाई को देखते हुए दुकानदारों और किसानों को महत्वपूर्ण तकनीकी सलाह दी। उन्होंने बताया कि किसान पारंपरिक डीएपी (DAP) की जगह सिंगल सुपर फास्फेट (SSP) और नैनो उर्वरकों का अधिक से अधिक प्रयोग करें। इसके अलावा, उन्होंने नैनो डीएपी (Nano DAP) से बीज उपचार करने और इससे फसलों को होने वाले प्रत्यक्ष लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर श्यामलाल भाटी ,रूकमणराम भाटी,मुन्नाराम कछावाह,मोहनराम सोलंकी ,सत्यनारायण परिहार ,जीतू कछावाह,नरपत भाटी ,दिनेश लवा व कई दुकानदार उपस्थित थे

