बड़ा हादसा टला: राजगढ़ में जेजेएम की खुदी सड़क पर फंसी बच्चों से भरी अनाधिकृत स्कूल बस, बाल-बाल बचे मासूम; शिक्षा विभाग और प्रशासन मौन
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। नगरपालिका क्षेत्र के थानाराजाजी इलाके में शिक्षा विभाग और प्रशासन की घोर लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जल जीवन मिशन (JJM) योजना के तहत खोदी गई सड़क में पाइपलाइन लीकेज होने और मिट्टी बैठने के कारण बच्चों से भरी एक अनाधिकृत स्कूली बस अचानक फंस गई। गनीमत यह रही कि बस पलटने से बाल-बाल बच गई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। बाद में मौके पर जेसीबी बुलाई गई और उसकी सहायता से बस को बाहर निकालकर रवाना किया गया।
सरकारी स्कूल के पास बदहाल हालात, 500 बच्चों की जान जोखिम में
स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह नरुका ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि थानाराजाजी क्षेत्र में जेजेएम योजना के तहत पाइपलाइन बेहद गलत और गैर-जिम्मेदाराना तरीके से डाली जा रही है। खास बात यह है कि इस खुदी हुई और जर्जर सड़क के बिल्कुल समीप ही सरकारी विद्यालय है, जहां लगभग 500 बच्चे शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। सड़क की इस बदहाली के कारण इन मासूमों और उनके अभिभावकों को रोजाना भारी जोखिम उठाकर आना-जाना पड़ रहा है।
पिछले 4-5 दिनों से हो रहे हैं हादसे, ठेकेदार कर रहा है खानापूर्ति
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां आज बच्चों से भरा अनाधिकृत स्कूली वाहन फंसा, उससे पहले भी पिछले 4-5 दिनों से लगातार वाहन यहां फंस रहे हैं और आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। सड़क सुधारने के नाम पर ठेकेदार के नुमाइंदे मौके पर आते हैं और सिर्फ खानापूर्ति करके चले जाते हैं। स्थिति यह है कि जिन-जिन स्थानों पर पाइपलाइन डाली गई है, वहां रास्ते में बने नालियों और रैम्पों को भी तोड़ दिया गया है।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या और लापरवाही के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासनिक अमला पूरी तरह मौन साधे बैठा है। जनता का सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़े और अनहोनी हादसे का इंतजार कर रहा है?

