पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस सख्त: राजगढ़ में डीएसपी के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च, मतदाताओं से बिना डर के वोट डालने की अपील
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता। आगामी पंचायत चुनाव के दूसरे चरण को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए राजगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
संवेदनशील गांवों में निकाला गया फ्लैग मार्च
पुलिस उपअधीक्षक (डीएसपी) देशराज कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस ने क्षेत्र के ग्राम ढिगावडा, कोठीनारायणपुर और अलेई में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या माहौल बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
मतदाताओं को दिया निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम नागरिकों और मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। यदि कोई भी व्यक्ति मतदाताओं को डराने-धमकाने या चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस फ्लैग मार्च के दौरान थानाधिकारी नेकीराम, एसआई मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान और जाब्ता मौजूद रहा।

