नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली बोले सरकारी एजेंसियां सरकार का तोता, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी, स्वतंत्र जांच की मांग
अलवर (राजस्थान) नीट-2026 परीक्षा पेपर लीक प्रकरण को लेकर बुधवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के मालाखेड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने किया। उधर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के चिकानी में विरोधस्वरूप नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो, पेपर माफिया पर कार्रवाई करो और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो के नारे गूंजे।
टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि नीट-2026 का पेपर राजस्थान में लीक हुआ और राज्य सरकार ने 9 दिन तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आया है कि पिछले तीन साल से लगातार नीट का पेपर लीक हो रहा है और पिछले 12 सालों में 90 पेपर लीक हो चुके हैं।
जूली ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
जूली ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण में भाजपा के लोग शामिल हैं और इसी कारण शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर कार्रवाई नहीं हो रही।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि सीबीआई को जांच सौंपना पर्याप्त नहीं है क्योंकि जब सीबीआई सरकार का तोता हो, तो नतीजे का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सरकार की लापरवाही छात्रों के भविष्य पर संकट
जूली ने कहा कि पेपर लीक अब संगठित कारोबार बन चुका है और इसके कारण मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का विश्वास टूट रहा है। नीट-2026 सहित कई बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है।उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा चुनावी सभाओं में दावा करते थे कि उनके समय पेपर लीक नहीं होंगे, लेकिन हकीकत सबके सामने है। राजस्थान में सीकर और अन्य स्थानों का नाम पेपर लीक में आना बेहद चिंताजनक है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, हिम्मत चौधरी, नरेंद्र सावत्री मीणा, उमरद्दीन खान,ब्लॉक अध्यक्ष जफरु खान, मोंटू शर्मा,गुडु खान,हारून खान, इमरान खान, डालचंद,साजिद खान, दीनबंधु शर्मा, धर्मराज मीणा,रचित कुमार, राहुल पटेल, सिद्धार्थ व्यास,डॉ गौरव यादव, नवाब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


