ठगी के मामले में सरकारी स्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार, रिटायर्ड शिक्षक से 93 लाख की धोखाधड़ी।
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के करणीकोट गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक धर्मवीर यादव से 93 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित धर्मवीर यादव की पत्नी इसी स्कूल में सीनियर टीचर हैं, और आरोपी प्रिंसिपल के रूप में कार्यरत था।थानाधिकारी दिनेश चंद मीणा ने बताया कि अशोक कुमार यादव ने पीड़ित को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर निवेश के लिए प्रेरित किया। उसने कहा कि उसके बेटे-बेटी शेयर बाजार में कार्यरत हैं और वे बेहतर रिटर्न दिला सकते हैं। शुरुआत में 11 लाख रुपये लेकर निवेश कराया गया, फिर खाते की समस्याओं का बहाना बनाकर और रकम मांगी गई।इसके बाद पीड़ित की बेटी के नाम पर डीमैट खाता खुलवाया गया, जिसे आरोपी के बेटे विशाल यादव ने संभाला। थानाधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने ओटीपी लेकर पीड़ित के खाते से कुल 93 लाख रुपये निकाल लिए, जिनमें से 76 लाख रुपये उनकी रिटायरमेंट की राशि थी। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, 42 लाख रुपये आरोपी की बेटी के खाते में ट्रांसफर हुए हैं।
पीड़ित की शिकायत पर 18 अप्रैल को एनईबी थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। थानाधिकारी मीणा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश कर रहे है ।