सांसद आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने बानसूर में जनसुनवाई आयोजित कर सुने आमजन के परिवाद
कोटपूतली-बहरोड़, 22 जून (भारत कुमार शर्मा) सरकार द्वारा आमजन से संवाद और समाधान की दिशा में किये जा रहे प्रयासों के तहत रविवार को बानसूर पंचायत समिति सभागार में 'सांसद आपके द्वारा' कार्यक्रम के तहत आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह ने लोगों की समस्याएं विस्तार से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। इस अवसर पर बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत भी मौजूद रहे।
सांसद राव राजेंद्र सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ प्रदेश को समावेशी और संवेदनशील प्रशासन की ओर अग्रसर कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक राहत पहुंचे और उसका जीवन सुगम बने। इस अवसर पर उन्होंने सरपंचों एवं ग्रामजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जेजेएम और विद्युत वितरण व्यवस्था पर रहा फोकस
सांसद सांसद राव राजेंद्र सिंह ने जल जीवन मिशन एवं विद्युत वितरण व्यवस्था की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए जल उपलब्धता एवं विद्युत आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत वितरण प्रणाली में आ रही तकनीकी बाधाओं को तुरंत दूर किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जल टेस्टिंग किट के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता जांच कर आमजन को शुद्ध पेयजल सतत् रूप से उपलब्ध हो यह प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों का तुरंत जवाब देवें ।
साथ ही उन्होंने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की स्थिति पर भी चर्चा करते हुए इसमें सुधार हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने किसानों से अपील की कि अधिक से अधिक किसान सरकारी समितियों से जुड़ें। उन्होंने बजट घोषणाओं के बारे में चर्चा करते हुए बजट घोषणाओं के नियमानुसार समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़कें बनवाकर कनेक्टिविटी बेहतर करें। उन्होंने खाद्य सुरक्षा पोर्टल पर पात्र व्यक्तियों को लाभांवित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मानसून के मद्देनजर जलभराव वालें स्थानों को चिन्हित करते हुए नालों आदि की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रत्येक पात्र को मिले कल्याणकारी योजनाओं का लाभ
सांसद राव राजेंद्र सिंह ने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, उज्जवला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख योजनाएं जैसे दीनदयाल अन्त्योदय योजना, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और प्रधानमंत्री रोजगार कार्यक्रम की मुख्य रूप से समीक्षा की। साथ ही मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति के बारे में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं एवं विकास कार्यों के ज़मीनी क्रियान्वयन, लाभार्थियों को लाभ की वास्तविक स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारी के बारे में अधिकारियों से वस्तुस्थिति जानकर इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
सभी अधिकारी संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ करे कार्य–सांसद
सांसद राव राजेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूर्ण संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता के साथ कार्य करें। उन्होंने दोहराया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुशासन की भावना तभी साकार होगी जब जवाबदेही और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित हों।
जनसुनवाई के दौरान उच्च शिक्षा,पंचायतीराज, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजस्व, सार्वजनिक निर्माण, विद्युत वितरण, स्वायत्त शासन और जलापूर्ति जैसे विभागों से संबंधित परिवाद प्रस्तुत किए गए। उन्होंने कहा की सभी शिकायतों का समाधान संतोषजनक, निष्पक्ष और समयबद्ध हो। इस दौरान उपखंड अधिकारी बानसूर अनुराग हरित, नारायणपुर एसडीएम दिनेश शर्मा, एसीईओ महेंद्र सैनी सहित समस्त संबंधित जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि व आमजन मौजूद रहे।


