उर्जा मंत्री ने ली विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक :विद्युत तंत्र को सुदृढ कर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति करें सुनिश्चित

Jun 25, 2025 - 13:54
 0
उर्जा मंत्री ने ली विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक :विद्युत तंत्र को सुदृढ कर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति करें सुनिश्चित

भरतपुर, 25 जून (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)  ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि विद्युत तंत्र को सुदृढ कर आमजन को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति सुनिश्चित करते हुये अधिकारी सकारात्मक सोच के साथा कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्युत लॉस में कमीं लाने के लिये सभी अधिकारी स्वप्रेरित होकर कार्य करें अन्यथा संबंधित अभियन्ताओं की जिम्मेदारी तय की जायेगी। जिले में सरकार द्वारा 24 जीएसएस का निर्माण कराया गया है जबकि पिछले शासन में 8 जीएसएस स्थापित किये गये थे। 
ऊर्जा मंत्री बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक में योजनाओं की प्रगति एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। विद्युत सबस्टेशनों के निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से किये जाकर गुणवत्ता के साथ पूरा करायें। उन्होंने कहा कि जो संवेदक समय पर कार्य पूरा नहीं करें उन्हें ब्लेकलिस्ट की कार्यवाही करें जिससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि आमजन एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा बताई गई समस्याओं का समय पर निराकरण कराकर, फोन नहीं उठाने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि सभी अभियन्ता अपने-अपने क्षेत्रों के विद्युत सबस्टेशनों की नियमित जांच कर विद्युत फीडर सुधार कार्य, जीएसएस पर साफ-सफाई, लाईन दुरूस्त करने के कार्यों को बारीकी के साथ मॉनिटरिंग करें। 
    उर्जा मंत्री ने कहा कि विद्युत चोरी करने वाले क्षेत्रों में आर्मड केबल डालें तथा ऐसे क्षेत्रों में आकस्मिक कार्यवाही कर विद्युत छीजत रोकने का प्लान बनाऐं। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य को गति देने, फीडर सुधार कार्य गति के साथ करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विद्युत छीजत रोकने के लिये तंत्र मंे सुधार के साथ चोरी रोकने के लिये सम्पूर्ण डिवीजन में एक साथ टीम बनाकर आकस्मिक कार्यवाही को अंजाम दें। उन्होंने विद्युत छीजत वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर 15 दिवस में सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिले में विद्युत तंत्र संबंधी छोटी-छोटी समस्याओं का आगामी 7 दिवस में निराकरण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 27 प्रतिशत से घटकर छीजत 10 प्रतिशत पर आ गई है तथा सम्पूर्ण जिले में औसत छीजत 18 प्रतिशत है। 
    उन्होंने कहा कि आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी तो निश्चित रूप से निगम के प्रति विश्वास बढेगा। आमलोगों को समय पर विद्युत कनेक्शन देने के साथ लाईनों में बार-बार आने वाली ट्रिपिंग की समस्या का स्थाई निराकरण करें। उन्होंने जीएसएस निर्माण कार्य को गति देते हुये आवश्यक क्षेत्रों में आर्मड केबल का प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विद्युत तंत्र मे  सुधार से छीजत में भी कमी आयेगी तथा आंधी-तूफान के समय अनावश्यक नुकसान नही होगा। सभी अधिकारी अपने अपने क्षेत्रों में वर्षा के समय विद्युत ट्रांफार्मरों में नुकसान नहीं हो इसके लिये जांच कर सुधारात्मक कदम उठायें। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण सर्विस मिले इसके लिये सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें जिससे निगम को हो रहे वित्तीय घाटे को कम किया जा सके। 
    उर्जा मंत्री ने 220 केबी जीएसएस बयाना एवं जिले में स्वीकृत सभी नवीन 24 जीएसएस के निर्माण कार्यों से शेष जीएसएस को पूर्ण गति के साथ पूरा कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सिंगल फेज विद्युत आपूर्ति 23 घंटे एवं थ्री फेज निर्धारित सिफ्ट में निर्बाध रूप से बनाये रखने के निर्देश दिये। अधीक्षण अभियंता रामहेत मीणा ने बताया कि जिले में 220 केवी के, 33 केवी के 83 जीएसएस से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने घरेलू एवं कृषि कनेक्शनों की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता सहित जिले के सभी विद्युत अभियंता उपस्थित रहे। 

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................