बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में धर्मगुरुओं एवं समुदाय के लोगों के साथ शपथ कार्यक्रम आयोजित.
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) सौ दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक में शिव शिक्षा समिति राणोली द्वारा धर्मगुरुओं एवं समुदाय के लोगों के साथ एक विशेष शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के ब्लॉक समन्वयक देवेंद्र कुमार जाटव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मौलाना उमर खान मस्जिद कमेटी के सदस्यों — इक़बाल ख़ान, इमरान ख़ान एवं छोटे लाल मास्टर, तथा समुदाय के लोगों द्वारा बाल विवाह रोकथाम को लेकर सामूहिक रूप से शपथ ली गई।
शपथ के दौरान सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं कभी बाल विवाह नहीं करेंगे और न ही अपनी कमेटी के किसी सदस्य या समुदाय में बाल विवाह होने देंगे। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना प्राप्त होती है तो उसे संबंधित विभागों तक पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मस्जिद कमेटी एवं समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा अपनी समिति के लेटरहेड पर इस संकल्प को लिखित रूप में दर्ज किया गया। तथा इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का संदेश दिया गया। धर्मगुरुओं ने भरोसा दिलाया कि वे धार्मिक एवं सामाजिक मंचों के माध्यम से बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाते रहेंगे।