बाराबंकी में दिल दहलाने वाला हादसा: पिता की अर्थी उठने के 8वें दिन अस्थि विसर्जन करने जा रहे मां-बेटे की दर्दनाक मौत, डंपर ने 300 मीटर घसीटा
बाराबंकी / शशि जायसवाल। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक अत्यंत मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के कोठी थाना क्षेत्र के भानमऊ चौराहे के पास सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मां-बेटे को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सबसे मर्मस्पर्शी बात यह है कि महज आठ दिन पहले ही परिवार के मुखिया का निधन हुआ था, और यह दोनों उनकी अस्थियां विसर्जन करने के लिए जा रहे थे।
पिता की अस्थियां विसर्जन करने निकले थे मां-बेटे
जैदपुर क्षेत्र के पारादीपू गांव निवासी सर्वेश वर्मा (36) के पिता शिवकुमार का 7 नवंबर को बीमारी के कारण निधन हुआ था, जिनका 8 नवंबर को अंतिम संस्कार किया गया था। सोमवार सुबह सर्वेश अपनी बुजुर्ग मां शर्मावती (60-65 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर पिता की अस्थियां विसर्जित करने के लिए घाट जा रहे थे। घर से करीब 10 किलोमीटर दूर भानमऊ चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
300 मीटर तक घसीटा, शरीर से अलग हुआ पैर
यह हादसा इतना खौफनाक था कि टक्कर के बाद बाइक डंपर के पहिए में फंस गई। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति और बढ़ा दी और बाइक को करीब 300 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस भयानक हादसे में सर्वेश का एक पैर शरीर से कटकर अलग हो गया, जबकि मां शर्मावती का शरीर भी बुरी तरह कुचल गया। बेटे की दर्दनाक मौत का मंज़र देखकर सदमे से मां ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों और परिजनों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के चलते ये भारी-भरकम डंपर बेलगाम दौड़ रहे हैं। पोस्टमार्टम हाउस पर भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। एक ही परिवार में महज आठ दिनों के भीतर तीन मौतें (पहले पिता और अब मां-बेटे) हो जाने से पूरे पारादीपू गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

