एसीबी की बड़ी कार्रवाई; बांदीकुई एसडीएम के नाम पर 15,000 रुपये रिश्वत लेते कार्यालय सहायक रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर/दौसा (कमलेश जैन) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अलवर प्रथम इकाई ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बांदीकुई (दौसा) में तैनात प्रयोगशाला सहायक आदित्य शर्मा को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी यह राशि बांदीकुई एसडीएम रामसिंह राजावत के नाम पर वसूल रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ब्यूरो की हेल्पलाइन (1064) पर एक परिवादी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी ने एसडीएम कोर्ट बांदीकुई में 'मानसी बनाम शिवलखन' मामले में एक दावा पेश किया था। इस मामले में 'स्टे आदेश' (Stay Order) जारी करने की एवज में एसडीएम रामसिंह राजावत द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारी आदित्य शर्मा (प्रयोगशाला सहायक, प्रतिनियुक्ति एसडीएम कार्यालय) के मार्फत 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत का सत्यापन 17 अप्रैल, 2026 को किया गया, जिसमें रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई।
आज, शब्बीर खान (उप अधीक्षक पुलिस, एसीबी अलवर) के नेतृत्व में बिछाए गए जाल में आरोपी आदित्य शर्मा को परिवादी से 15,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर एसडीएम रामसिंह राजावत की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
एसीबी की अपील: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सभी नागरिकों से अपील करता है कि यदि कोई भी लोक सेवक सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करे, तो तुरंत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर संपर्क करें।


