प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त ने किया डीग के गांव कासौट में ग्राम उत्थान शिविर का निरीक्षण
शिविर में ग्रामीणों को वितरित किए आवासीय पट्टे और पशु बीमा पॉलिसियां
डीग (नीरज जैन) डीग जिले की प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया ने शुक्रवार को डीग जिले की ग्राम पंचायत कासौट में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल के साथ आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का सघन निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सभी 12 विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों से अब तक की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक प्राप्त किया। इस अवसर पर शिविर में सफलता की कहानियों का वाचन भी किया गया।
प्रभारी सचिव नलिनी कठोतिया ने शिविर स्थल पर ही राजस्व विभाग की कार्यवाही के अंतर्गत लाभार्थियों को आवासीय पट्टे वितरित कर उन्हें राहत प्रदान की। इसमें ग्राम पंचायत कासौट निवासी बत्ती पत्नी शिवचरन को 204.69 वर्ग मीटर तथा सौमोती पत्नी रामसिंह को 201.53 वर्ग मीटर क्षेत्र के आवासीय पट्टे मौके पर ही प्रदान किए गए । इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत पशुपालकों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया और उन्हें योजना के लाभों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने पशुपालन विभाग के स्टॉल पर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और कृमिनाशक दवा वितरण की समीक्षा की।
शिविर के दौरान प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार, जिले में अब तक आयोजित 39 शिविरों के माध्यम से कुल 23,381 लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
जिसमें कृषि विभाग द्वारा अब तक 3,255 सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए गए हैं और 7,754 मिनी किटों का सत्यापन किया जा चुका है। पशुपालन विभाग द्वारा मंगला पशु बीमा योजना के तहत 2,295 पशुपालकों का पंजीकरण किया गया है तथा 8,627 पशुओं को प्राथमिक चिकित्सा एवं कृमिनाशक दवाएं दी गई हैं। इसके अतिरिक्त, राजस्व विभाग द्वारा 237 फार्मर रजिस्ट्री और पंचायती राज विभाग द्वारा 432 स्वामित्व कार्डों का वितरण पूर्ण किया जा चुका है। संभागीय आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष पात्र व्यक्तियों को भी समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए।