पब्लिक टॉयलेट में मिला युवक का शव: नशे के ओवरडोज से दौसा के युवक की मौत, आक्रोशित जनता ने किया ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव

Jun 6, 2026 - 13:28
 0
पब्लिक टॉयलेट में मिला युवक का शव: नशे के ओवरडोज से दौसा के युवक की मौत, आक्रोशित जनता ने किया ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव

जयपुर (राजस्थान) राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नशे के ओवरडोज के कारण एक 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन की कथित लापरवाही के खिलाफ ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव कर घंटों प्रदर्शन किया और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इलाज कराने आया था जयपुर, टॉयलेट में मिला शव: प्राप्त जानकारी के अनुसार, दौसा (बनेठा) निवासी कुलदीप गुर्जर (28) नशे की लत से ग्रसित था। शुक्रवार दोपहर को उसके चाचा उसे नशा मुक्ति की दवा दिलाने जयपुर लाए थे, लेकिन वह चकमा देकर लापता हो गया। शाम करीब 4 बजे ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर स्थित एक पब्लिक टॉयलेट में वह अचेत अवस्था में मिला। टॉयलेट के भीतर स्मैक और नशे के इंजेक्शन बरामद हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

थाने पर भारी प्रदर्शन, 7 दिन का अल्टीमेटम: इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। स्थानीय नागरिकों और 'युवा शक्ति राजस्थान' के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे त्रिलोक मीणा व गौरी शंकर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध नशे की खेप बेची जा रही है, जिससे युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। लोगों के अनुसार, इलाके में नशे के कारण एक साल में यह 8वीं मौत है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी लक्ष्मी सुथार मौके पर पहुंचीं और आक्रोशित लोगों से वार्ता की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को आरोपियों के नामजद नाम सौंपते हुए सख्त कार्रवाई के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है और मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................