गोविंदगढ़ में निर्माणाधीन मकान की पट्टी टूटने से मजदूर गंभीर रूप से घायल, अलवर रैफर
गोविंदगढ़ (अलवर) कस्बे के पलानखेड़ा रोड स्थित बिजली घर के पास एक निर्माणाधीन मकान में अचानक पट्टी टूटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में वहां कार्य कर रहा एक युवक ऊंचाई से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पूठका (जालूकी, जिला डीग) निवासी सुरेश (35 वर्ष) पुत्र चरनी, पलानखेड़ा रोड पर एक मकान के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। काम के दौरान अचानक मकान की पट्टी (स्लैब) टूट गई, जिससे सुरेश अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं।
हादसे के तुरंत बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य साथी मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सुरेश को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोविंदगढ़ में भर्ती कराया। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति और गहरी चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अलवर रैफर कर दिया है।


