पुलिस का 'ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग': हार्डकोर अपराधी के अवैध साम्राज्य पर चला पीला पंजा, मकान-दुकानें ध्वस्त
कैथून (कोटा) कोटा ग्रामीण पुलिस के "ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग" के तहत शनिवार को कैथून थाना क्षेत्र के हार्डकोर अपराधी शांतिलाल उर्फ शांतिया गुर्जर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अपराधी की ओर से कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की करीब ढाई बीघा भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाते हुए जेसीबी की मदद से मकान और दुकानों को ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाने के दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि अरंडखेड़ा ग्रामवासी शांतिलाल उर्फ शांतिया गुर्जर जिलास्तरीय हार्डकोर अपराधियों की सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, चौथ वसूली, अवैध हथियार रखने, मारपीट, नशा तस्करी सहित करीब 36 गंभीर आपराधिक प्रकरण पुलिस थानों में दर्ज हैं। इनमें कैथून थाने में 21, विज्ञान नगर में 3, दादाबाड़ी में 2, सारोला में 2, गुमानपुरा, सांगोद, कनवास, मंडाना, देवली मांजी, सुल्तानपुर, महावीर नगर, बूंदी सदर में 1-1 प्रकरण दर्ज है। वर्तमान में वह युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाली गतिविधियों में भी संलिप्त बताया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपराधी ने कोटा विकास प्राधिकरण की करीब एक करोड़ रुपए मूल्य की ढाई बीघा भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। कब्जाई गई जमीन पर बाउंड्रीवाल बनाकर लगभग 35 लाख रुपए की लागत से मकान और दो दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया। एसपी ने बताया कि जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ कोटा ग्रामीण पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है


