मोबाइल ब्लास्ट: जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक फटा, किराना व्यापारी के पैंट में आग लगी, पैर-अंगुलियां बुरी तरह जले, दुकान में धुआं भरा
जोधपुर के मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहाँ एक स्थानीय किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा स्मार्टफोन अचानक बम की तरह ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गया है, जिसका इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है।
लाल सागर इलाके के निवासी और किराना व्यवसायी गोपाल सोनी (39 वर्ष) सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे अपनी दुकान पर काउंटर पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पैंट की जेब में रखे वीवो (Vivo) कंपनी के मोबाइल में अचानक तेज धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। अचानक हुए इस ब्लास्ट के बाद दुकान में धुआं भर गया। पीड़ित ने जब जलते हुए फोन को जेब से बाहर निकालने की कोशिश की, तो उनके घुटने के ऊपर (जांघ) का हिस्सा और हाथ की अंगुलियां गंभीर रूप से झुलस गईं। चमड़ी तक उधड़ गई है।
अस्पताल में इलाज जारी:
धमाके और पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें संभाला। घायल गोपाल सोनी को तुरंत मंडोर के सैटेलाइट हॉस्पिटल ले जाया गया। घाव गहरे होने के कारण मंगलवार सुबह उन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहाँ प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजेश गालवा की देखरेख में स्पेशल बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार व्यापारी की जांघ और उंगलियों की चमड़ी बुरी तरह झुलस गई है।
ऐसा लगा जैसे जोरदार करंट लगा हो
व्यवसायी गोपाल सोनी ने बताया- मैं हमेशा अपना मोबाइल शर्ट की ऊपर वाली जेब में रखता हूं। सोमवार को टी-शर्ट पहनी थी, इसलिए फोन पैंट की जेब में था। दोपहर को मैं काउंटर की दराज (ड्रॉवर) में कुछ चेक कर रहा था कि अचानक तेज धमाका हुआ और पैंट में आग लग गई। एक पल के लिए मुझे लगा कि पास रखे लैपटॉप से मुझे करंट लगा है। लेकिन जैसे ही नीचे देखा, जेब से धुंआ और आग निकल रही थी। मैं दर्द के मारे चिल्लाता हुआ टेबल से दूर भागा। जेब से जलता फोन निकाला तो उंगलियां भी जल गईं।
बिना किसी चेतावनी के हुआ ब्लास्ट:
आमतौर पर मोबाइल के ओवरहीट होने या ओवरचार्जिंग के कारण फटने की खबरें आती हैं, लेकिन पीड़ित गोपाल सोनी के अनुसार, यह हादसा बेहद चौंकाने वाला है। ब्लास्ट के समय फोन चार्जिंग पर नहीं था और केवल 87% चार्ज था। घटना से ठीक पहले फोन में हीटिंग (गर्म होने) या खराबी का कोई शुरुआती संकेत नहीं मिला था। पीड़ित ने वीवो (Vivo) कंपनी का यह मोबाइल करीब 2 साल पहले खरीदा था।


