चरित्र पर शक के चलते पति ने पत्नी पर छिड़का पेट्रोल, 14 दिन तक जूझने के बाद विवाहिता की मौत; आरोपी पति गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
बावड़ी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा):
जोधपुर जिले के खेड़ापा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह के अमानवीय भूत के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता ने लगभग 14 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
24 अक्टूबर की खौफनाक घटना:
खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह दर्दनाक घटना 24 अक्टूबर की है। आरोपी मुन्नाराम पुत्र रामपाल मेघवाल अपनी 40 वर्षीय पत्नी सुमिता उर्फ सुमित्रा के चरित्र पर बेवजह संदेह करता था। इसी सनक के चलते आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस भयानक अग्निकांड में विवाहिता बुरी तरह झुलस गई थी, जिसे तत्काल जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया था।
14 दिन चला इलाज, 7 नवंबर को हुई मौत:
अस्पताल के बर्न वार्ड में जीवन और मृत्यु के बीच 14 दिन तक चले कड़े संघर्ष के बाद 7 नवंबर की रात विवाहिता सुमिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की इस अकाल मौत से उसके एक पुत्र और एक पुत्री के सिर से मां का साया उठ गया है, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पर्चा बयान पर दर्ज हुआ था मामला:
घटना के बाद अस्पताल में उपचाराधीन पीड़िता के पुलिस द्वारा पर्चा बयान दर्ज किए गए थे, जिनके आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवाहिता की मौत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुन्नाराम को धर दबोचा।
मानसिक रोगी है आरोपी:
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी मुन्नाराम मानसिक रोग से ग्रसित है और उसका इलाज भी चल रहा है। बहरहाल, पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस मामले में आगे की अनुसंधान और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

