चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024: भरतपुर जिले को आवंटित 353 अभ्यर्थी 25 से 27 जुलाई तक जमा कराएं दस्तावेज
भरतपुर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश, 27 जुलाई दोपहर 12 बजे तक जमा कराने होंगे आवेदन
भरतपुर (कोश्लेंद्र दत्तात्रेय)। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती-2024 के अंतर्गत चयनित और शिक्षा विभाग में भरतपुर जिला आवंटित 353 अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए काउंसलिंग आयोजित की जानी है। काउंसलिंग से पूर्व वरीयता का लाभ प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने आवेदन और आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा, सुरेंद्र कुमार गोपालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशक माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान, बीकानेर द्वारा जारी वरीयता क्रमानुसार ही अभ्यर्थियों का चयन व काउंसलिंग प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी।
व्यक्तिगत रूप से जमा कराने होंगे दस्तावेज
उन्होंने बताया कि वरीयता श्रेणी (बिंदु संख्या 1 से 12 तक) में आने वाले पात्र अभ्यर्थियों को संलग्न आवेदन पत्र में संबंधित श्रेणी के सामने सही का निशान लगाकर आवश्यक प्रमाण पत्रों व दस्तावेजों के साथ 25, 26 और 27 जुलाई की दोपहर 12:00 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा, भरतपुर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से (व्यक्तिशः) उपस्थित होकर जमा कराना अनिवार्य है।
समय पर दस्तावेज जमा न करने पर अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि और समय-सीमा के पश्चात आवेदन व दस्तावेज जमा कराने वाले अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान वरीयता का लाभ दिया जाना संभव नहीं होगा। इसके लिए संबंधित अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे तथा विभाग की कोई जवाबदेही नहीं होगी। उन्होंने सभी चयनित 353 अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय-सीमा का पालन करते हुए अपनी प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि काउंसलिंग व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

