गुरु पूर्णिमा पर भूरासिद्ध मंदिर में विशेष आयोजन की तैयारियां जोरों पर, दुरुस्त किया जा रहा मार्ग
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) पंचायत समिति क्षेत्र के कलेशान और ठेकडीन ग्राम की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन भूरासिद्ध मंदिर पर आगामी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के श्रद्धालु तन, मन और धन से सहयोग देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
- श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सुधार कार्य जारी
मंदिर तक पहुँचने वाला मुख्य मार्ग जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों और स्थानीय लोगों द्वारा जेसीबी मशीन की मदद से रास्ते को दुरुस्त कराने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
- जनप्रतिनिधियों व मंत्रियों के आगमन की संभावना
सूत्रों के अनुसार, गुरु पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर राज्य सरकार के कुछ मंत्रियों और वरिष्ठ जन-प्रतिनिधियों के पहुँचने की प्रबल संभावना है। स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि मंत्रियों के आगमन से मंदिर तक जाने वाले इस कच्चे व क्षतिग्रस्त मार्ग के स्थायी पक्के निर्माण की लंबे समय से चली आ रही माँग को जल्द स्वीकृति मिल सकेगी।
मंदिर समिति और श्रद्धालुओं ने सभी दर्शनार्थियों से कार्यक्रम में भाग लेने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

