हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया समाप्त, 30 जुलाई को लौटरी
बारां (राजस्थान) हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जुलाई को समाप्त हो गई। अब 30 जुलाई 2027 को सुबह 11 बजे देशभर से प्राप्त आवेदनों की लॉटरी की जाएगी। लॉटरी में चयनित हाजियों को 10 अगस्त 2027 तक प्रति हाजी ₹1,52,300 की पहली किस्त जमा करानी होगी।
बारां अंजुमन इस्लामिया के सदर मोहम्मद शाहिद मन्नू पठान ने बताया कि इस वर्ष हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंजुमन कमेटी द्वारा विशेष ऑनलाइन आवेदन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हज आवेदन भरने के साथ-साथ हाजियों के ब्लड ग्रुप की जांच की भी व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब अंजुमन कमेटी ने इस प्रकार की पहल की है तथा आगामी टीकाकरण प्रक्रिया के दौरान भी हाजियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जाएंगी।
हज खिदमतगार लईक अहमद अंसारी ने बताया कि 30 जुलाई को सुबह 11 बजे हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा देशभर के आवेदनों की कुर्रा अंदाजी की जाएगी। चयनित हाजियों को 10 अगस्त 2027 तक प्रति हाजी ₹1,52,300 की पहली किस्त स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अथवा ऑनलाइन माध्यम से हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा करानी होगी।
उन्होंने हज आवेदकों से अपील की कि वे लौटरी के परिणाम पर नजर रखें तथा चयन होने की स्थिति में निर्धारित समय सीमा के भीतर पहली किस्त जमा कर अपनी हज यात्रा की आगे की प्रक्रिया समय पर पूर्ण करें।

