अलवर के रूपबास स्थित जगन्नाथ मंदिर में धूमधाम से मना वरमाला महोत्सव
अलवर (अनिल गुप्ता) शहर के रूपबास स्थित प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ जी और माता जानकी के पावन वरमाला महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव में अलवर सहित राजस्थान और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के दिव्य दर्शन किए और धार्मिक आयोजन का आनंद लिया। मंदिर परिसर जयकारों, भजन-कीर्तन और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
मंदिर के महंत पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि वरमाला महोत्सव मंदिर की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में से एक है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
इस वर्ष भी हजारों भक्तों की उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि जयपुर, कोलकाता, वृंदावन और पुष्कर सहित विभिन्न स्थानों से भक्त विशेष रूप से भगवान के लिए आकर्षक वरमालाएं लेकर पहुंचे। भगवान श्री जगन्नाथ जी और माता जानकी को कुल 18 विशेष वरमालाएं अर्पित की गईं, जिनसे मंदिर का वातावरण और भी अलौकिक एवं भक्तिमय हो गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गईं, जिससे सभी भक्तों ने शांतिपूर्वक दर्शन किए। भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और वरमाला रस्म के साथ संपन्न हुआ यह महोत्सव आस्था और संस्कृति का भव्य संगम बन गया तथा श्रद्धालु भगवान का आशीर्वाद लेकर अपने घरों को लौटे।

