"नशा मुक्त युवा" के ओजस्वी बोल: मकराना की हेमाद्रि ने कविता लेखन में जीता पहला स्थान, अब राज्य स्तर पर चमकाएंगी जिले का नाम
मकराना / डीडवाना(मोहम्मद शहजाद)।: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और राजस्थान युवा बोर्ड के तत्वावधान में डीडवाना के टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव में मकराना की बेटी ने अपनी ओजस्वी रचना से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया है। 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027' के सांस्कृतिक ट्रैक के तहत आयोजित कविता लेखन प्रतियोगिता में मकराना की हेमाद्रि प्रजापत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
प्रतियोगिता की मुख्य थीम 'विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा' पर आधारित उनकी प्रभावी और मर्मस्पर्शी कविता ने निर्णायकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और पदक से सम्मानित किया गया। अब हेमाद्रि आगामी 17 नवंबर को होने वाले राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में डीडवाना-कुचामन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
15 से 29 आयु वर्ग के युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए पांच श्रेणियों में आयोजित इस महाकुंभ में जिलेभर के युवाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें हेमाद्रि की यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर पीएम श्री राजकीय उमावि मकराना के प्रधानाचार्य छोटूराम बाजडोलिया, प्रधानाचार्य ममता नेहरा सहित क्षेत्र के तमाम प्रबुद्धजनों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों ने हर्ष जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

