रूपबास में उप जिला चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन का विरोध तेज: सोमवार को निकलेगी विशाल रैली

Oct 25, 2026 - 18:48
 0
रूपबास में उप जिला चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन का विरोध तेज: सोमवार को निकलेगी विशाल रैली

रूपबास / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय : रूपबास में उप जिला चिकित्सालय के लिए प्रशासन द्वारा किए गए भूमि आवंटन का विरोध अब तूल पकड़ चुका है। उप जिला चिकित्सालय संघर्ष समिति की एक अहम बैठक पूर्व तहसीलदार मटोलीराम शर्मा की अध्यक्षता में हनुमान मंदिर रूपवास में आयोजित की गई, जिसमें सरकार के फैसले के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया गया है।

संघर्ष समिति के संयोजक एवं पार्षद धीरज शुक्ला एडवोकेट ने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जब तक ग्राम पंचायत चैकोरा के ग्राम देवियां के नगला में की गई भूमि आवंटन को निरस्त कर रूपवास के समीप या नगर पालिका क्षेत्र के भिडायनी में भूमि आवंटित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इसी कड़ी में सोमवार को हनुमान चौक से शहरवासियों द्वारा एक विरोध रैली निकाली जाएगी और उपखंड अधिकारी कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा।

दूरदराज भूमि आवंटन पर उठ रहे सवाल: संरक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरिशंकर शर्मा ने रोष जताते हुए कहा कि जब शहर सीमा से मात्र 500 मीटर की दूरी पर और नेशनल हाईवे के पास ग्राम भिडायनी में पर्याप्त सरकारी भूमि (खसरा नंबर 175/25, 206/37, 167/24 और 243/47 में कुल 195.12 बिस्वा) उपलब्ध है, तो अस्पताल को शहर से 5 किलोमीटर दूर ग्रामीण क्षेत्र में भेजने का कोई औचित्य नहीं है।

आमजन और व्यापारियों को होगी भारी परेशानी: मुकेश कटारा, ओंकार शुक्ला, पार्षद दर्शन कौशल, रमेश कोली, अरुण परमार सहित अन्य प्रबुद्धजनों ने बताया कि इतनी दूर अस्पताल होने से मरीजों को आवागमन में भारी असुविधा होगी और स्थानीय व्यापार भी प्रभावित होगा। सह संयोजक अरुण परमार ने चेतावनी दी है कि व्यापारी वर्ग पूरी तरह साथ है और जरूरत पड़ने पर दीपावली के बाद बाजार भी बंद कराए जाएंगे।

संघर्ष समिति ने रूपबास तहसील क्षेत्र की समस्त जनता से अपील की है कि वे अपने हक और स्वास्थ्य सुविधाओं की रक्षा के लिए इस आंदोलन में एकजुट होकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................