विकास कार्यों पर भरतपुर कलक्टर सख्त: कमर चौधरी ने ली बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक, कहा— "समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों काम"

Oct 26, 2026 - 18:49
 0
विकास कार्यों पर भरतपुर कलक्टर सख्त: कमर चौधरी ने ली बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक, कहा— "समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों काम"

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वर्ष 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं तथा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया।

दिसंबर में होने हैं कई लोकार्पण व शिलान्यास, आचार संहिता का रखें ध्यान

जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दिसंबर माह में कई लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसलिए सभी विभागीय अधिकारी चुनाव आचार संहिता और संबंधित नियमों का पालन करते हुए कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, वित्तीय स्वीकृतियों के जल्द उपयोग और निविदा प्रक्रियाओं को समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन को विकास योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

फ्लाईओवर, जीएसएस और इलेक्ट्रिक बसों की स्थिति पर मंथन

बैठक के दौरान कलक्टर ने नदबई व बयाना में कृषि उपज मंडियों के निर्माण और GCC मॉडल पर आधारित 15 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति जांची।

  • फ्लाईओवर: हीरादास चौराहे से कुम्हेर गेट तथा काली बगीची से बिजलीघर होते हुए आरबीएम अस्पताल तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए गेल (GAIL) कंपनी व संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कंजौली लाइन पर रेलवे ओवरब्रिज के लिए रेलवे से समन्वय स्थापित करने को कहा।

  • विद्युत तंत्र: राज्य सरकार की तीसरी वर्षगांठ पर मैरथा, गगवाना एवं गहलऊ में 33/11 केवी जीएसएस के लोकार्पण की तैयारी के लिए निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।

  • धार्मिक व ऐतिहासिक धरोहर: लालमहल, कदमखंडी धाम, एंचेरा मंदिर तथा वैर किले व पदम हवेली के जीर्णाेद्धार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

इन प्रमुख स्थानों पर बनेंगे ई-चार्जिंग स्टेशन

जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि बीडीए आयुक्त से समन्वय कर घना पक्षी विहार गेट, घोड़ा घाट, गंगा मंदिर, हीरादास, कुम्हेर गेट, सेवर एवं शास्त्री पार्क के आसपास उपयुक्त स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की कार्ययोजना बनाएं।

स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा

आरबीएम अस्पताल में ट्रोमा सेंटर, मातृ-शिशु स्वास्थ्य विंग, मेडिकल कॉलेज में स्पाइनल इंजरी सेंटर, विज्ञान केंद्र की स्थापना, तथा उप जिला अस्पताल वैर व नदबई से संबंधित बजट घोषणाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम प्रशासन राजीव शर्मा, सिटी राहुल सैनी, आईएएस आलोक सिंह, उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता बनैसिंह, सीएमएचओ डॉ. गौरव कपूर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................