भरतपुर में कांग्रेस की रानू बाला बनीं जिला प्रमुख: भाजपा की पूजा कुमारी को 3 मतों से हराया
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। जिला प्रमुख पद के निर्वाचन की प्रक्रिया बुधवार को जिला परिषद सभागार में संपन्न हुई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी रानू बाला ने 3 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि जिला प्रमुख पद के लिए आयोजित चुनाव में कांग्रेस की रानू बाला निर्वाचित हुईं। मतदान में रानू बाला को कुल 17 मत प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी पूजा कुमारी जाटव को 14 मत मिले। इस तरह रानू बाला ने 3 वोटों से जीत दर्ज की। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
31 सदस्यों ने डाला वोट, दिलाई गई शपथ जिला प्रमुख चुनाव में कुल 31 जिला परिषद सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें से रानू बाला के पक्ष में 17 और पूजा कुमारी के पक्ष में 14 वोट पड़े। इससे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलक्ट्रेट में सभी नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को पद, गोपनीयता और स्वच्छता की शपथ दिलाई।

