लोकतंत्र का महापर्व: पंचायतीराज चुनाव में वीबी-जी राम जी योजना के श्रमिकों को मतदान दिवस पर मिलेगा सवैतनिक अवकाश
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं (जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच एवं पंच पदों) के आम चुनाव-2026 की घोषणा के साथ ही जिला प्रशासन शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए तैयारियों में जुट गया है। चुनाव प्रक्रिया में आमजन और श्रमिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक बड़ा निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्यरत सभी श्रमिकों को उनके संबंधित क्षेत्र के मतदान दिवस पर 'सवैतनिक अवकाश' (Paid Holiday) प्रदान किया जाएगा।
बिना आर्थिक चिंता के कर सकेंगे मताधिकार का प्रयोग
अतिरिक्त जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मृदुल सिंह ने बताया कि भारत सरकार के संशोधन अधिनियम संख्या 21/96 द्वारा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135 (ख) में निहित प्रावधानों की पालना में यह व्यवस्था लागू की गई है। इस निर्णय से योजना के तहत नियोजित श्रमिकों को मजदूरी या आर्थिक नुकसान की चिंता किए बिना अपने मताधिकार का उपयोग करने की पूरी आजादी मिलेगी।
स्थानीय स्वशासन को मिलेगी मजबूती
सीईओ मृदुल सिंह ने कहा कि मतदान हर नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है। पंचायतीराज संस्थाओं के इस चुनाव में स्थानीय मतदाताओं की सक्रिय और शत-प्रतिशत भागीदारी से ग्रामीण स्वशासन की नींव और अधिक मजबूत होती है। सवैतनिक अवकाश का मुख्य ध्येय यही है कि समाज का हर वर्ग, विशेष रूप से श्रमिक वर्ग, लोकतंत्र के इस महापर्व में बिना किसी बाधा के अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

