पंचायतीराज चुनाव 2026: कोटपूतली-बहरोड़ जिले के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त, जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
कोटपूतली-बहरोड़ (भारत कुमार शर्मा)
आगामी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा कोटपूतली-बहरोड़ जिले में आधिकारिक रूप से पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी गई है।
ऋषभ मंडल बनाए गए जिला पर्यवेक्षक
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, श्रम आयुक्त, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग जयपुर के अधिकारी श्री ऋषभ मंडल को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के लिए पंचायतीराज आम चुनाव का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। उनके मार्गदर्शन में चुनाव प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की जाएगी।
कलेक्ट्रेट में स्थापित हुआ पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ
सुचारू चुनाव प्रक्रिया के पर्यवेक्षण और आम नागरिकों, मतदाताओं तथा प्रत्याशियों की सुविधा के लिए जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, कोटपूतली में एक विशेष 'पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ' (कंट्रोल रूम) स्थापित किया गया है।
आमजन चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या या जानकारी के लिए इस प्रकोष्ठ से सीधा संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए आधिकारिक दूरभाष नंबर 01421-299177 निर्धारित किया गया है, जिस पर संपर्क साधा जा सकता है।

