15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर ली जाएगी शपथ
भरतपुर, 24 जनवरी।(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2025 शनिवार 25 जनवरी को प्रातः 11 बजे मतदाताओं द्वारा शपथ ली जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग राजस्थान जयपुर के आदेशानुसार 15वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रातः 11 बजे शपथ दिलवाई जाएगी। उन्होंने मतदाता दिवस को राजकीय विभागों, संस्थानों, निकायों में कार्यरत सभी अधिकारी कर्मचारियों को ‘‘मतदान जैसा कुछ नहीं, मतदान जरूर करेंगे हम’’ की थीम पर शपथ दिलवाया जाना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों के कार्यालयाध्यक्षों को अधिकारी एवं कार्मिकों द्वारा शपथ लिए जाने के फोटो ई-मेल आईडी [email protected] पर भिजवाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मतदाताओं द्वारा ली जाने वाली शपथ - ‘‘हम भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे’’।

