नशे की लत और पुरानी रंजिश ने ली जान, गमछा खींचकर युवक को तड़पाकर मारा,आरोपी डिटेन
बीकानेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। लक्ष्मीनाथजी घाटी के नीचे स्थित गुलजार बस्ती के पास शाम करीब 5 बजे दो युवकों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने दूसरे के गले में पड़े गमछे से ही उसका गला घोंट दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को डिटेन (हिरासत में) कर लिया है।
गिरेबान पकड़ा और गमछे से खींच दिया गला
सीओ सिटी अनुज डाल ने बताया कि मृतक की पहचान शाबिर (35) के रूप में हुई है। शाबिर और आरोपी मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को जब दोनों का आमना-सामना हुआ, तो उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि मोहम्मद हुसैन ने शाबिर का गिरेबान पकड़ लिया और उसके गले में लटके गमछे को पूरी ताकत से खींचते हुए उसे जोर से झकझोर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
गला घोंटे जाने के कारण शाबिर की सांसें थम गईं और वह चंद मिनटों में अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी को भागता देख आसपास के लोग मौके पर जमा हुए और शाबिर को तुरंत पीबीएम हॉस्पिटल ले गए। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे के आदी थे दोनों, जांच जारी: पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शाबिर और मोहम्मद हुसैन एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे और दोनों ही नशे के आदी थे। पुलिस का अनुमान है कि नशे की हालत में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा।
शव मॉर्च्युरी में सुरक्षित, आरोपी से पूछताछ
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। पुलिस ने शाबिर के शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। हिरासत में लिए गए आरोपी मोहम्मद हुसैन से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है, जिसके बाद आगामी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


